बदायूं के उसावां थाना क्षेत्र में एक युवक ने किशोरी की फोटो फेसबुक पर वायरल करने के बाद उसको ब्लैकमेल करने की कोशिश की। पीड़िता के भाई ने मामले की तहरीर दी तो पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया। पीड़ित परिवार लगातार पुलिस से आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करता रहा, लेकिन पुलिस ने उनकी कोई बात नहीं सुनी।
शनिवार को पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह से की तो उनके हस्तक्षेप पर पुलिस ने दूसरी तहरीर लेकर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद आरोपी सत्यवीर उर्फ डुकरा की तलाश शुरू की है। बताया जा रहा है कि आरोपी की हरकतों से किशोरी परेशान हो गई थी। उसने अपने परिजनों को बताया। इसके बाद पुलिस से शिकायत की गई।