कुंवरगांव। गांव दुगरैय्या ब्राह्मपुर निवासी भुवनेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि 25 मार्च 2026 की रात करीब 8:30 बजे वह खेत की रखवाली कर बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि गांव के ही रामवीर पुत्र टेकचंद ने उसकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में भुवनेश कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दाहिने पैर की हड्डी टूट गई। सिर में भी गंभीर चोट आई। उसे जिला अस्पताल से डॉक्टरों ने बरेली रेफर कर दिया, जहां अस्पताल में उसका ऑपरेशन किया गया। पीड़ित ने बताया कि हादसे के समय आरोपी रामवीर के साथ शिवकुमार और नरायनदास उर्फ करुआ भी मौजूद थे। घटना नाजिर पुत्र सल्लन के खेत के पास आंवला-बदायूं रोड पर हुई। इलाज के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद