बिसौली/दबतोरी। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह हरदासपुर गांव के पास रेलवे लाइन किनारे बेहोश पड़े मिले आशीष उर्फ नन्हे (22) की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसके परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। अभी परिवार वालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्राम करलावाला निवासी आशीष उर्फ नन्हे पुत्र अजब सिंह खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। परिवारवालों के मुताबिक, आशीष ने नजदीकी गांव हरदासपुर निवासी विजेंद्र यादव का खेत बटाई पर लिया था और उसमें गेहूं की फसल की थी। मंगलवार रात आशीष गेहूं निकलवाने खेत पर गया था। वहीं उसका मौसेरा भाई संभल जिले के जहांगीरपुर निवासी जगपाल पहुंच गया था।
गेहूं निकलवाने के बाद दोनों भाइयों ने हरदासपुर गांव में खाना खाया था। जगपाल रात में ही अपने घर लौट गया था, लेकिन आशीष वहीं रह गया था। बताते हैं कि बुधवार सुबह उदयवीर नाम के व्यक्ति ने आशीष को रेलवे लाइन के किनारे बेहोश पड़ा देखा था। उसने कुछ लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आसफपुर में भर्ती करा दिया था।
उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई थी। बाद में जब परिवार वालों को इसकी जानकारी मिली तो वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंच गए। उन्होंने युवक की हत्या की आशंका जताई है। उनकी सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। युवक के सिर में चोट लगी थी। कोतवाली पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। इंस्पेक्टर सुनील अहलावत ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।