बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव सरकी के जंगल में शनिवार सुबह 33 केवीए विद्युत लाइन के नीचे एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला। शव मिलने पर उसकी स्थिति को देख करीब दो दिन पुराना बताया गया। शव की पहचान थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के गांव सैंजनी निवासी आराम सिंह (24 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
शनिवार सुबह सरकी गांव के प्रधान हरिशंकर ने जंगल में 33 केवीए लाइन के नीचे एक अज्ञात युवक का शव पड़ा होने की सूचना कादरचौक पुलिस को दी। पुलिस ने पहुंचकर युवक के पहचान करने के प्रयास शुरू किए। युवक के जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की गई।
युवक की तलाश में जुटे थे परिजन
आराम सिंह के भाई ज्ञानचंद्र ने बताया कि उनका भाई मंगलवार शाम करीब छह बजे घर से खाना खाने के बाद बिना बताए घर से कहीं चला गया था। उसकी काफी तलाश की। उसका मोबाइल फोन बंद जा रहा था। उसका सुराग कहीं लग नहीं सका। शनिवार को पुलिस की ओर से परिवार को सूचना मिली कि उनके भाई का शव सरकी के जंगल में मिला है।
भाई ने आराम सिंह की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आंशका जताई। आराम सिंह चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह खेती कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। पुलिस के अनुसार, शव मिलने की स्थिति में उसके कानों में ईयरफोन लगे मिले, जबकि उसका मोबाइल फोन मौके पर नहीं मिला। मामले में पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।