बदायूं। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव भनावीपुर के पास बृहस्पतिवार देर शाम बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में युवक की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार युवक चोटिल होने के बाद भाग निकला। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ब्यौर गांव निवासी फहीम (28) बृहस्पतिवार देर शाम बिसौली से सामान खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिसौली रोड पर गांव भवानीपुर पुलिया के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक की उनकी बाइक से टक्कर हो गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फहीम बाइक से उछलकर सिर के बल सड़क पर गिर गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में रुदायन सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शुक्रवार को पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम को भेजा। वहीं, दूसरी बाइक सवार एक युवक मामूली रूप से चोटिल हुआ। हादसे के बाद मौके से भाग निकला। परिजनों ने बताया कि फहीम अपने दो भाइयों में सबसे छोटे थे। फहीम की मौत से दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। इस्लामनगर इंस्पेक्टर विशाल प्रताप सिंह ने परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है।