सेल्फी के चक्कर में ट्रेन से कटकर मौत
- फोटो : अमर उजाला
बदायूं के उझानी में ट्रेन की चपेट में आने से मलेरिया विभाग के फील्ड वर्कर अतुल कुमार की रविवार को मौत हो गई। अतुल अपने परिचित के साथ बाइक से कछला गंगा घाट गया था। जाते समय रेलवे फाटक पर अतुल ने बाइक खड़ी कर दी और सेल्फी लेने लगा इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया।
शहर के मोहल्ला शिवपुरम निवासी अतुल कुमार (32) पुत्र देवजीत मलेरिया विभाग में फील्ड वर्कर था। रविवार को वह शहर के मोहल्ला सम्राट अशोकनगर निवासी अपने परिचित सौरभ के साथ गंगा स्नान के लिए बाइक से कछला गंगा घाट के लिए निकला था। बाइक सौरभ चला रहा था। सुबह करीब 11 बजे यह लोग बाइक से छतुइया रेलवे क्रॉसिंग पहुंचे। यहां रेलवे क्रॉसिंग होने के कारण इन लोगों ने बाइक साइड से खड़ी कर दी। सौरभ पास ही चाय की दुकान पर बैठ गया।
इसी दौरान यहां से ट्रेन गुजरी और अतुल ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन के इंजन से टकराने के बाद बुरी तरह से घायल हो गया और दूर जाकर गिरा। सौरभ का कहना है कि अतुल ट्रेन आने के दौरान मोबाइल से ट्रेन के साथ सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था। दूसरी ओर परिवार वाले और मलेरिया विभाग के सूत्र इससे इंकार कर रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि अतुल लंबे समय से बीमार चल रहा था। कई बार वह ऑफिस भी नहीं जाता था। उसको गले में समस्या थी। इस कारण ठीक से खा-पी भी नहीं पाता था। दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल में अतुल का इलाज चल रहा था। वहां उसको ऑपरेशन के लिए बताया गया था। कुछ समय से अतुल तांत्रिक के चक्कर में पड़ गया था। कई बार वह तांत्रिक के साथ जाता था। रविवार को भी अतुल तांत्रिक से मिला था।