बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या दो निवासी युवा गल्ला व्यापारी अमन वार्ष्णेय (40) पुत्र मनोज कुमार वार्ष्णेय की डेंगू बुखार की चपेट में आने से मौत हो गई। शनिवार को कछला घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
परिजनों ने बताया कि अमन वार्ष्णेय को मंगलवार को बुखार आया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए सहसवान के एक निजी अस्पताल ले गए। जांच के दौरान उनमें डेंगू की पुष्टि हुई। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बरेली रेफर कर दिया। वहां शुक्रवार की रात उपचार के दौरान बरेली के एक अस्पताल में उनकी मौत हो गई। अमन अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। युवा व्यापारी की असमय मौत से नगर के गल्ला व्यापारियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि बुखार होने पर लापरवाही न बरतें। तेज बुखार, बदन दर्द या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सक से परामर्श लें। घरों के आसपास पानी जमा न होने दें और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं। मोहल्ले में बुखार की जांच कराकर शिविर लगाकर लोगों को जागरुक किया जाएगा।