बदायूं। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ अब उनके स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से योग और शारीरिक व्यायाम कराया जा रहा है। इसके माध्यम से बच्चों को स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में पढ़ाई के साथ सह-शैक्षिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के कई परिषदीय विद्यालयों में सुबह की प्रार्थनासभा के बाद योगाभ्यास कराया जा रहा है। प्रशिक्षित शिक्षक और अनुदेशक बच्चों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और शारीरिक व्यायाम की जानकारी दे रहे हैं। योगाभ्यास के दौरान बच्चों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम और कपालभाति जैसे योग क्रियाएं कराई जा रहीं हैं।
इसके अलावा दौड़, स्ट्रेचिंग और सामान्य व्यायाम भी कराया जा रहा है। जिससे बच्चों की शारीरिक क्षमता मजबूत हो सके। शिक्षक राकेश, मनोज कुमार का कहना है कि योग करने से बच्चों का मानसिक तनाव कम होता है और पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ती है। नियमित योगाभ्यास से बच्चे अनुशासन भी सीख रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में भी इसे गंभीरता से लागू किया जा रहा है। बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि सभी विद्यालयों में नियमित रूप से योग गतिविधियां संचालित कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि छात्र-छात्राएं शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें।