उझानी। दो दिन पहले बाइक सवार बसोमा निवासी यामीन की मौत और उनके दोस्त मुशाहिद के घायल होने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसा बदायूं रोड पर जिरौली मोड़ के पास हुआ था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बसोमा निवासी यामीन और उनके दोस्त मुशाहिद को बदायूं से जाते समय सामने से ट्रक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में यामीन की मौके पर ही मौत हो गई थी। मुशाहिद का बरेली के अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक यामीन के पिता हामिद उर्फ पल्लू ने पुलिस को ट्रक का नंबर भी बताया था। पुलिस ने ट्रक चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हामिद ने बताया कि उनका बेटा अपनी साइड में बाइक चला रहा था। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद