बदायूं। जिला अस्पताल में मंगलवार सुबह बिजली आपूर्ति बाधित होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गईं। बिजली गुल होते ही अस्पताल की एक्स-रे मशीन बंद हो गई। एक्स-रे कक्ष के बाहर मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतार लग गई। करीब चार घंटे बाद जेनरेटर चलाकर एक्स-रे शुरू हुए।
मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में एक्स-रे रूम को जाने वाली मुख्य व लोकल दोनों लाइन में फॉल्ट हो गया। इसकी वजह से जिला अस्पताल में हड्डी रोग, दुर्घटना और गंभीर चोट के मरीजों को दिक्कत हुई, जिन्हें तत्काल एक्स-रे की आवश्यकता थी। वह जांच शुरू होने का इंतजार करते रहे, जबकि कुछ मरीजों को मजबूरी में काफी देर तक अस्पताल परिसर में बैठना पड़ा।
तीमारदार रामनरेश, सोहन लाल ने बताया कि जांच में देरी होने से डॉक्टर भी इलाज शुरू नहीं कर पा रहे थे। करीब चार घंटे के इंतजार के बाद अस्पताल प्रशासन ने जेनरेटर चालू कराया। इसके बाद एक्स-रे मशीन दोबारा संचालित हुई। तब तक मरीजों की काफी भीड़ जमा हो चुकी थी, जिसके कारण सभी की जांच नहीं हो सकी। मरीजों का कहना है कि जिला अस्पताल जैसे प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में बिजली बाधित होने पर आवश्यक सेवाओं के लिए तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था सक्रिय होनी चाहिए।
एक्स-रे मशीन की ट्रे पर सो गया मरीज
जिला अस्पताल में एक्स-रे कराने के लिए मरीज गया था। उसे मशीन की ट्रे पर लेटाया गया। एक्स-रे करने की कर्मचारी तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान बिजली चली गई। वह बिजली का इंतजार करते-करते उसी पर लेटा-लेटा सो गया।
मुख्य लाइन के साथ लोकल लाइन में फॉल्ट आ गया था। इसकी वजह से एक्स-रे सेवा लगभग चार घंटे बाधित रही। फॉल्ट सही होने में अधिक देर होती देख जनरेटर चलवाकर एक्स-रे मशीन शुरू करा दी गई थी। -अमित वार्ष्णेय, सीएमएस, जिला अस्पताल
जिला अस्पताल में एक्स-रे कक्ष के बाहर बैठे लोग। संवाद