सूबे के पर्यटन विभाग के मंत्री ओम प्रकाश ने कहा है कि संपूर्ण जिले को पर्यटक हब के रूप में विकसित किया जाएगा। कछला को पर्यटक स्थल घोषित कर उसका विकास एवं सौन्दर्यीकरण कराया जाएगा। साथ ही छोटे-बड़े सरकार एवं सागर ताल की दरगाह सहित शकील बदायूंनी के आवास, अन्य प्रमुख स्थानों को भी पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने को कार्ययोजना बनाई जाएगी। कचहरी चौराहे को अब महाराणा प्रताप चौक के नाम से जाना जाएगा।
सिंह आज यहां मालवीय आवास गृह पर महाराणा प्रताप जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। कार्यक्रम के शुभारंभ मौके पर संासद धर्मेंद्र यादव, उत्तर प्रदेश वक्फ विकास निगम के अध्यक्ष आबिद रजा ने कचहरी चौराहे पर स्थापित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उसका अनावरण किया। पर्यटन मंत्री ने कहा कि बदायूं जिला सूफी, संतों, कवियों एवं शायरों की ऐतिहासिक भूमि है। यहां के प्रमुख स्थलों, जवाहरपुरी स्थित रौजा अखलाक खां, छोटे-बड़े सरकार एवं सागर ताल की दरगाह सहित शकील बदायूंनी के आवास को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां के इतिहास को दृष्टिगत रखते हुए संपूर्ण जनपद को पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जाएगा। सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ग के हितार्थ विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। कृषकों को कृषि निवेश अनुदान वितरण के साथ ही समाजवादी पेंशन, मजदूरों को साइकिल वितरण एवं अन्य लाभार्थी परक योजनाओं से पात्रों को लाभान्वित किया जा रहा है। सपा सरकार ने किसानों की भरपूर मदद की है। सूबे के मुख्यमंत्री ने महानायक महाराणा प्रताप के प्रति नमन करते हुए उनकी जयंती पर सार्वजनिक अवकाश कर जनता को तोहफा दिया है।
शहर विधायक एवं दर्जा राज्यमंत्री आबिद रजा ने कहा कि अजमेर में उर्स के दौरान दूर-दूर से जायरीन आकर छोटे बड़े सरकार एवं सागर ताल की दरगाह पर हाजिरी देते हैं। इनको पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की विशेष आवश्यकता है। जब उनके संज्ञान में आया कि कचहरी चौराहे पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित किए जाने का कार्य अवशेष है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर उनके जयन्ती के अवसर पर पूरा कराया गया। अब यह स्थल महाराणा प्रताप चौक के नाम से जाना जाएगा। कार्यक्रम में भगवंतनगर उन्नाव के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। अध्यक्षता करते हुए पूर्व सांसद राजवीर सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप मात्र क्षत्रिय समाज के नहीं, बल्कि सर्व समाज के आराध्य हैं। उनकी जयंती महाराणा प्रताप को नहीं बल्कि सर्व समाज को श्रृद्धापूर्वक मनानी चाहिए। संचालन हरिप्रताप सिंह राठौड़ ने किया।
कार्यक्रम को सांसद प्रतिनिधि अवधेश यादव, रामप्रताप सिंह, प्रताप सिंह आचार्य, ओमप्रकाश सिंह, देवी सिंह देवड़ा, विजय पाल सिंह, विपिन कुमार सिंह, सुशील कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह, टीकम सिंह, भूराज सिंह आदि ने संबोधित किया। समारोह में भुवनेश्वर सिंह, लोकेश प्रताप सिंह, धनपाल सिंह, कुँवर अजय प्रताप सिंह, राकेश सिंह, डॉ. सुशील कुमार सिंह, अमित प्रताप ंसिंह, रवि प्रताप सिंह, वीरेन्द्र सिंह चौहान, बंटी तोमर, ओमकार सिंह तोमर, वीरेंद्र सिंह तोमर, सतेंद्र सिंह, सुरेश पाल सिंह, वीरपाल सिंह सोलंकी, डॉ केपी सिंह, बलवीर सिंह, ओमप्रकाश सिंह, नीरज सिंह, विक्रम प्रताप सिंह आदि थे।
ट्रैफिक लाइट का पर्यटन मंत्री ने किया उद्घाटन
बदायूं। शहर में यातायात सुधार के लिए पुलिस लाइन पर लगी ट्रैफिक लाइट का आज सूबे के पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह, सांसद धर्मेंद्र यादव,दर्जा राज्यमंत्री आबिद रजा, चेयरमैन फात्मा रजा ने उद्घाटन किया। शिलापट का डीएम शंभूनाथ और चेयरमैन श्रीमती रजा ने लोकार्पण किया। इस दौरान रजा ने चौराहे पर डिवाइडर बनवाने की बात भी कही।
पर्यटन मंत्री ने चादरपोशी की
बदायूं। पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह, दर्जा राज्यमंत्री आबिद रजा और उन्नाव से विधायक कुलदीप सिंह सेंगर ने बड़े सरकार की दरगाह पर चारपोशी की। इस बीच पर्यटन मंत्री ने विश्व प्रसिद्ध दरगाह के पीरजादों से तमाम जानकारियां हासिल कीं। कहा कि चादरपोशी करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। दर्जा राज्यमंत्री रजा से वहां के रहन-सहन की जानकारी भी हासिल की। इस मौके पर रविप्रताप सिंह ने अतिथियों को चांदी के कलम भेंट किए।
मोदी पर कसे तंज, दूर रहने की सलाह
पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसे। समारोह में मौजूद लोगों से कहा कि वह सब्जबाग दिखाने वाले मोदी से दूर रहे। मंत्री ने कहा कि एक दिन में कई-कई ड्रेस बदलने वाला नेता देश के गरीबों का कैसे भला कर सकता है।