बदायूं। जिले में लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की ओर से करीब 1.20 करोड़ रुपये की लागत से सड़क सुरक्षा और लघु सेतु से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। काम पूरा होने के बाद संबंधित मार्गों से गुजरने वाले लोगों को आवागमन में राहत मिलने के साथ सड़क सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से बुधवाई-मल्लापुर, करौलिया होते हुए किसरुआ जाने वाली सड़क पर सड़क सुरक्षा के कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही इस मार्ग पर थर्मोप्लास्टिक द्वारा रोड साइनेज भी किया जाएगा। इससे सड़क पर जरूरी संकेत स्पष्ट रूप से दिखाई देंगे और वाहन चालकों को मार्ग संबंधी जानकारी मिल सकेगी।
बदायूं-वजीरगंज मार्ग पर स्थित कसेर कटैया से विजय नगला होते हुए अर्सिस बर्खिन मार्ग पर भी सड़क सुरक्षा से संबंधित काम कराया जाएगा। इन दोनों मार्गों पर होने वाले कार्यों पर करीब 55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, मुड़िया से मोहम्मद नगर होते हुए राममूर्ति के ट्यूबवेल के पास लघु सेतु का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ पहुंच मार्ग और अतिरिक्त पहुंच मार्ग भी बनाया जाएगा। इस कार्य पर करीब 65 लाख रुपये की लागत आएगी।
लघु सेतु बनने से संबंधित क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बरसात के दौरान रास्ते में होने वाली दिक्कत भी कम होगी। लोक निर्माण विभाग की एक्सईएन वंदना सोनकर के अनुसार, दोनों कार्यों पर कुल करीब 1.20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग की ओर से जल्द कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।