अलापुर। महिला की हत्या करने के बाद उसके शव को कस्बे से करीब 600 मीटर दूर म्याऊं रोड पर पूर्व विधायक सिनोद कुमार शाक्य के ईंट भट्ठा के पास मिट्टी में दबा दिया। शुक्रवार शाम जब यहां कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे तब उनकी नजर ईंट थोपाई के मैदान में मिट्टी के घर में दिख रहे पैर पर पड़ी। शोर मचाने पर मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बाहर निकलवाया। काफी कोशिश के बाद भी महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
कस्बे में म्याऊं रोड पर करीब 600 मीटर दूर पूर्व विधायक का ईंट भट्ठा है। इसी के पास मैदान में हॉटमिक्स प्लांट की जगह पड़ी है। मैदान में ईंट थोपाई की जगह बनी हुई है। मिट्टी के ढेर लगे हैं। शुक्रवार शाम यहां एक ढेर में महिला का शव मिला। मृतका की उम्र करीब 45 साल बताई जा रही है। वह काला पेटीकोट, लाल रंग का कार्डिगन पहने है। वह बिछुए, हाथों में चूड़ियां और गले में मोतियों की माला पहने है। हाथों में दो अलग-अलग धातुओं की चूड़ियां हैं। सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान हैं। शव तीन से चार दिन पुराना होने के चलते काफी फूल चुका है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ केजी शर्मा का कहना है कि हत्या का मामला है। शव की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। अभी ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता।