विपक्षी दलों का पुतला फूंकती महिलाएं। स्रोत- भाजपा
- फोटो : Samvad
इस्लामनगर। इस्लामनगर में भाजपा से जुड़ी महिलाओं ने कांग्रेस, सपा और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ महिला जन आक्रोश प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष महिला मोर्चा शालिनी मित्तल के नेतृत्व में तिरंगा चौराहा से फव्वारा चौराहा तक पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विपक्षी दलों का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष शालिनी मित्तल ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दलों की नीतियां हमेशा से महिला विरोधी रही हैं। मित्तल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण देकर सशक्तीकरण का ऐतिहासिक प्रयास किया गया, लेकिन कांग्रेस और सपा सहित विपक्षी दलों ने इस महत्वपूर्ण पहल का विरोध कर महिलाओं की भावनाएं आहत कीं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल दिखावे की राजनीति करता है। वास्तविकता में ये दल महिलाओं को उनका अधिकार देने में हमेशा बाधा बनते रहे हैं। इस मौके पर जयदेवी शास्त्री, मीनाक्षी शर्मा, राधा गुप्ता, पुष्पा रानी मौर्य सहित कई प्रमुख महिलाएं मौजूद रहीं। संवाद