बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के गांव फिरोजपुर में शुक्रवार रात धनवती (50) पत्नी पूरन की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनके भाई वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव मालिन गौंटिया निवासी सत्यपाल ने जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
सत्यपाल का कहना है कि कुछ दिन पहले धनवती का पति पूरन से विवाद हो गया था। इससे वह नाराज होकर मायके मालिन गौंटिया आ गईं थीं। तीन दिन पहले ही वह अपनी ससुराल गईं थीं। शुक्रवार रात अचानक हालत बिगड़ने पर ससुराल वालों ने उन्हें कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात उनकी मौत हो गई। सत्यपाल ने धनवती के पति पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
इधर, धनवती के बच्चे और पति उनके गुस्से में जहर खाने की बात कह रहे है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। इंस्पेक्टर सुनील अहलावत ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। संवाद