जानकारी देते शैली के परिजन। संवाद
दातागंज। एक दिन पहले मायके से पति के घर आई विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शनिवार की सुबह मायके पक्ष को सूचना मिली तो परिवार गांव पहुंच गया। परिजनोंं ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। जिसपर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को जिला मुख्यालय भेजकर जांच शुरू कर दी है।
शाहजहांपुर के थाना शेरा मऊ दक्षिणी के गांव दिलावरपुर निवासी मुकेश ने अपनी बेटी शैली (25) की शादी दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव गजियापुर निवासी रिंकू से आठ साल पहले की थी। पिता ने बताया कि उसकी बेटी छह मार्च को घर आई थी। शुक्रवार को वह खुद बेटी को उसके पति के घर छोड़कर गए थे। रात दस बजे तक उनकी बेटी से बात हुई, उसने कोई ऐसी बात नहीं बताई कि उसे कोई दिक्कत है।
शनिवार की सुबह अचानक फोन आया कि बेटी की मौत हो गई है। सूचना के बाद परिवार के लोगों के साथ वह उसकी ससुराल पहुंचे तो बेटी का शव मिला। पिता ने दहेज हत्या की सूचना थाना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। सीओ केके तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई कराई जाएगी।