बदायूं। भतीजे को जेल से छुड़ाने की मांग को लेकर नई सराय निवासी शहनाज उर्फ छुट्टो (60) जिला महिला अस्पताल परिसर में बने ओवरहेड टैंक पर शाम करीब सवा तीन बजे चढ़ गई। महिला के टैंक पर चढ़ने की जानकारी होते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। करीब तीन घंटे तक पुलिस ने महिला को समझाने और नीचे उतारने की कोशिश की। इस दौरान महिला ने टैंक की ग्रिल के टूटने से निकले ईंटाें के टुकड़े लोगों पर फेंकें। पुलिस कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद शाम करीब छह बजे उसे सकुशल नीचे उतारा।
जिला महिला अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के कक्ष से महज पांच कदम और उनके आवास से करीब 10 कदम की दूरी पर बने ओवरहेड टैंक पर शाम सवा तीन बजे नई सराय निवासी छुट्टो चढ़ गई। राहगीरों ने महिला को टैंक पर चढ़ा देखा तो इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा गार्ड और पुलिस को दी।
जानकारी मिलने के बाद विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, महिला को नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। महिला बार-बार जेल में बंद अपने भतीजे फैज को छुड़ाने की मांग करती रही। पुलिस कर्मियों ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।
इस बीच महिला ने पुलिसकर्मियों से बनारसी पान की मांग कर दी। इसके बाद उसने समोसा खाने की इच्छा भी जाहिर की। पुलिस ने तत्काल दोनों चीजें मंगवाकर महिला को दीं और उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। बावजूद इसके वह टैंक से नहीं उतरी। करीब तीन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान पुलिस और अन्य लोग महिला को लगातार समझाते रहे। काफी प्रयास के बाद महिला नीचे उतरने को तैयार हुई। पुलिस कर्मियों ने उसे सकुशल नीचे उतार लिया। छह सड़का चौकी पर तैनात सिपाही पातीराम ने महिला को उतारने में अहम भूमिका निभाई।
चार माह पहले चोरी के आरोप में जेल गया था फैज
चार महीने पहले फैज को चोरी के आरोप में पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया था। महिला उसे जेल से छुड़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। पुलिस के अनुसार, फैज की जमानत अर्जी मंजूर हो गई है। उसे जेल से बाहर लाने के लिए जमानत की राशि जमा करनी है, लेकिन महिला के पास करीब तीन हजार रुपये कम पड़ रहे थे। वह इस रकम को एकत्र नहीं कर पा रही थी। इसी बीच उसे आशंका थी कि कहीं जमानत की अर्जी खारिज न हो जाए। इसी को लेकर वह ओवरहेड टैंक पर चढ़ गई।
महिला जिला अस्पताल परिसर में महिला ओवरहेड टैंक पर चढ़ी। उसे सूझबूझ से उतार लिया गया। महिला से टंकी पर चढ़ने के मामले में पूछताछ की जा रही है। उसके भतीजे के जेल में होने की जानकारी मिली है। - राहुल पांडेय, सीओ सिटी
जिला अस्पताल में ओवरहेड टैंक पर चढ़ी महिला छुट्टो से बात करने की कोशिश करते पुलिस कर्मी। संवाद
जिला अस्पताल में ओवरहेड टैंक पर चढ़ी महिला छुट्टो से बात करने की कोशिश करते पुलिस कर्मी। संवाद