उसहैत। क्षेत्र में शनिवार की शाम बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही महिला की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। हादसे में ट्रक के अगले पहिये से महिला का सिर कुचल गया। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो जाने से यातायात करीब आधा घंटे बाधित रहा।
उसहैत थाना क्षेत्र के गांव पृथ्वीनगला निवासी लक्ष्मी (85) उसहैत की बाजार करने आई थीं। खरीदारी करने के बाद वह सोत नदी के पुल के पास घर जाने के लिए सड़क पर सवारी का इंतजार कर रही थीं, तभी वहां से निकल रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। लक्ष्मी ट्रक के बंपर से टकराकर अगले पहिये के नीचे आ गईं। सिर गंभीर रूप से कुचलने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने वहां पहुंचकर करीब आधा घंटे बाद यातायात सुचारु कराया। सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। घटना के संबंध में जांच की जा रही है। ट्रक को चालक सहित हिरासत में ले लिया है। तहरीर अभी नहीं मिली है।
चार बेटे हैं, फिर भी अकेले रहती थीं लक्ष्मी
बुजुर्ग महिला के चार बेटे हैं, जो गांव में ही रहते हैं। बुजुर्ग महिला झोंपड़ीनुमा घर में अकेली रहती थी। अपना खाना भी अलग बनाती थी। महिला की मौत के बाद परिजन मौके पर पहुंच गए थे।
एमएफ हाईवे पर टेंपो की चपेट में आने से किशोर की मौत
- छुट्टा पशु के बाइक से टकराने के बाद सड़क पर गिरा था किशोर
संवाद न्यूज एजेंसी
जगत। एमएफ हाईवे पर छुट्टा पशु के बाइक से टकराने के बाद हुए हादसे में टेंपो की चपेट में आने से बाइक सवार किशोर की मौत हो गई।
अलापुर थाना क्षेत्र के भसराला गांव निवासी अजहर पुत्र वली हसन बाइक से कहीं जा रहा था। एमएफ हाईवे पर अचानक छुट्टा पशु उसकी बाइक से टकरा गया। टक्कर लगने से अजहर अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे टेंपो की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अजहर को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अजहर पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके दो भाई मजदूरी करते हैं, जबकि दोनों बहनों की शादी हो चुकी है।
परिवार के सबसे छोटे बेटे की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में आया है। किशोर के परिजनों ने किसी प्रकार की कोई भी कार्रवाई करने से मना किया है।
लक्ष्मी फाइल फोटो
लक्ष्मी फाइल फोटो