बदायूं। ठेला लगाने को लेकर हुई कहासुनी होने के बाद महिला पर दूसरे ठेले वाले ने सिर में लोहे की रॉड मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ब्रह्मपुर गद्दी चौक कश्यप वाली गली में 65 वर्षीय मायावती पत्नी रामचंद्र टिक्की का ठेला लगाकर अपने नातियों का पालन-पोषण करती थीं। आठ फरवरी को वह अपने नाती प्रेम कश्यप के साथ ठेला लेकर रामलीला ग्राउंड पर पहुंचीं तो उनकी जगह पर अरमान पुत्र रघुवीर का ठेला लगा हुआ मिला।
उन्होंने ठेला हटाने को कहा तो कहासुनी होने लगी। अरमान के छोटे भाई प्रिंस ने टिक्की बनाने वाली लोहे की रॉड उनके सिर में मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके हाथ से अरमान व उसके दोस्त दो हजार रुपये छीनकर भाग गए। रविवार को उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।