दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव वीरमपुर में सोमवार देर रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गांव पहुंचे महिला के भाई ने पुलिस को सूचना देकर बुलाया। साथ ही ससुराल पक्ष पर बहन के साथ मारपीट का आरोप लगाया। उधर, ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दी है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की बात कह रही है।
गांव वीरमपुर निवासी पूनम (30) की शादी करीब 13 साल पहले पिंटू के साथ हुुई थी। पूनम पर दो बेटे एवं दो बेटियां हैं। महिला के भाई मनोज ने बताया कि बहन के पति और उसके परिजनों का संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। इसके चलते बहन का पति पिंटू जयपुर रहकर मेहनत मजदूरी करता है। कुछ दिन पहले ही बहन के ससुर राकेश ने पिंटू को घर से अलग कर दिया था। इसके बाद भी ससुराल पक्ष के लोग बहन को प्रताड़ित करते थे।
तीन मार्च की शाम बहनोई पिंटू की गैरमौजूदगी में ससुराल पक्ष के लोगों ने बहन पूनम के साथ मारपीट की। देर रात पूनम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी मिलने पर महिला का भाई व परिवार के लोग ससुराल पहुंचे। वहां बहन का शव घर के अंदर मिला। वहीं, मंगलवार दोपहर जयपुर से पति पिंटू भी आ गया। दातागंज कोतवाल गौरव विश्नोई ने बताया कि महिला के भाई ने अनहोनी की आशंका जताते हुए शव का पोस्टमॉर्टम कराने की तहरीर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।