बिनावर (बदायूं)। बरेली में अपनी मां और तीन साल की बेटी के साथ रिश्तेदारी में जा रहे बाइक सवार युवक को मलगांव क्रॉसिंग के पास किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मां की मौत हो गई, जबकि युवक और बेटी की हालत गंभीर है।
बरेली के थाना क्षेत्र सीबीगंज के गांव सरनिया निवासी उफरान अपनी मां नाजिरा (45) व तीन वर्षीय बेटी उजैफा के साथ बुधवार को बाइक से बदायूं रिश्तेदारी में आ रहा था। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लालपुल में उफरान की बहन मेहरून निशां का घर है। मां के साथ बहन के घर आते समय बुधवार शाम करीब छह बजे बिनावर थाना क्षेत्र के मलगांव फाटक के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क किनारे जा गिरे।
राहगीरों ने हादसे की सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया और परिजनों को सूचना दी। जिला अस्पताल में रिश्तेदारों के अलावा परिवार के लोग भी पहुंच गए। यहां डॉक्टर ने नाजिरा को मृत घोषित कर दिया। उरफान व तीन साल की उजैफा को गंभीर हालत में बरेली रेफर कर दिया गया।
परिजन ने बताया कि उरफान की मां नाजिरा कई दिन से बेटी मेहरून निशां के घर चलने की बात कह रही थी। बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है। बाइक चालक हेलमेट लगाए हुआ था।
सड़क हादसे में घायल ग्रामीण की मौत
उझानी। तीन दिन पहले बदायूं मार्ग पर जुगाड़ वाहन की चपेट में आने से घायल ग्रामीण की इलाज के दौरान अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।
मृतक जालिम सिंह (67) कोतवाली क्षेत्र के गांव जिरौलिया के रहने वाले थे। वह मंगलवार शाम खेत से घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें जुगाड़ वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया था। गंभीर रूप से घायल जालिम सिंह को परिजनों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। हालत में सुधार नहीं होने पर परिवार के लोगों ने उन्हें अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया दिया था, जहां उनकी मौत हो गई। उनके शव का अलीगढ़ में ही पोस्टमार्टम कराया गया है। उनके इकलौती बेटी है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन उनका शव लेकर लौटे तो परिवार में कोहराम मच गया। संवाद