बदायूं के सहसवान में पालतू भैंस ने एक महिला की जान ले गई। महिला शनिवार सुबह भैंस को चारा डालने गई थी, तभी भैंस ने उन पर हमला कर दिया। इससे महिला की मौत हो गई।
बदायूं के सहसवान कस्बे के मोहल्ला मोहउद्दीनपुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना हो गई। पालतू भैंस को चारा डाल रही 65 वर्षीय वृद्धा ओमवती पर भैंस ने अचानक हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुई वृद्धा की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
विज्ञापन
मोहल्ला मोहउद्दीनपुर निवासी ओमवती ने घर में भैंस पाल रखी है। वह शनिवार सुबह करीब सात बजे अपनी भैंस को चारा डाल रही थीं। इसी दौरान भैंस ने अचानक रस्सी तोड़ दी और ओमवती पर हमला कर दिया। भैंस ने वृद्धा को सींगों पर उठाकर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
वृद्धा को अस्पताल ले जा रहे थे परिजन
लोगों ने बड़ी मुश्किल से ओमवती को भैंस के चंगुल से बचाया। घायल ओमवती को तत्काल परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही ओमवती ने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है।