जरीफनगर। दहगवां सीएचसी में प्रसव के बाद एक महिला की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने अस्पताल के स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने के साथ ही पांच हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव दांदरा निवासी पूजा पत्नी सर्वेश को शुक्रवार दोपहर प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उन्हें लेकर दहगवां सीएचसी पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल में स्टाफ ने पांच हजार रुपये लेकर महिला का प्रसव कराया। परिजनों के अनुसार, प्रसव के कुछ समय बाद ही पूजा की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने पहले उसे सहसवान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया, जहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर भी महिला की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। डॉक्टरों ने उसे गंभीर अवस्था में बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिजन सरकारी एंबुलेंस से महिला को अलीगढ़ लेकर जा रहे थे, रास्ते में उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि रिश्वत देने के बाद भी दहगवां सीएचसी पर समय से समुचित उपचार नहीं मिला। यदि समय पर उचित उपचार और बेहतर व्यवस्था मिल जाती तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।
डिलीवरी नॉर्मल हो गई थी, रिश्वत लेने का आरोप निराधार है। अधिक रक्तस्राव होने से महिला की जान गई है। - डॉ. पीयूष, दहगवां सीएचसी
मेरे जानकारी में ऐसा कोई भी मामला नहीं है। अगर कोई शिकायत आती है, तब मामले की जांच की जाएगी। -डाॅ. विकास शर्मा, सीएमओ