बदायूं के दातागंज इलाके में शनिवार को दर्दनाक हादसे में एक महिला की जान चली गई। महिला अपने भतीजे के साथ बाइक पर सवार होकर जा रही थी। ब्रेकर पर बाइक उछली तो महिला उछलकर सड़क पर गिर गई, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। भतीजे का आरोप है कि उसकी बुआ एक घंटे तक तड़पती रही। 108 और 112 पर कॉल किया, लेकिन समय से कोई नहीं पहुंचा था।
सिर के बल सड़क पर गिरी थी महिला
जानकारी के अनुसार दातागंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छछऊ निवासी 35 वर्षीय पूनम अपने भतीजे के साथ बाइक से कहीं जा रही थीं। बताया जाता है कि बाइक तेज रफ्तार से चल रही थी। इसी दौरान रास्ते में आए एक ब्रेकर पर बाइक अचानक उछल गई, जिससे पीछे बैठी पूनम संतुलन खो बैठीं और सड़क पर गिर गईं। सड़क पर सिर के बल गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोप: एक घंटे बाद पहुंची पुलिस
भतीजे का आरोप है कि हादसे के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। उधर, पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।