बदायूं। थाना उसहैत के गांव लिलवां में झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने से महिला की मौत हो गई। घटना के बाद से झोलाछाप गांव से भागा है। मृतका के परिवार वालों की ओर से अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। शव का भी अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
उसहैत के गांव लिलवां निवासी 50 वर्षीय भगवान देवी पत्नी स्वर्गीय पीतम सिंह सांस संबंधी बीमारी का शिकार थीं। सोमवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार वाले उनको लेकर गांव में ही क्लीनिक चलाने वाले एटा के अलीगंज निवासी एक झोलाछाप के पास पहुंचे। परिवार वालों का कहना है कि झोलाछाप ने भगवान देवी को इंजेक्शन लगाया। इसके बाद उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई। शरीर पर फफोले पड़ गए। उनको लेकर परिवार वाले बदायूं आ रहे थे। उससे पहले ही भगवान देवी ने दम तोड़ दिया। भगवान देवी के नाती हरिभान सिंह का कहना है कि वह तहरीर देना चाहता था, लेकिन कुछ लोगों ने तहरीर न देने का दबाव बनाकर शव का अंतिम संस्कार करा दिया। अब वह मंगलवार को झोलाछाप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर देगा।