लड़की से छेड़छाड़ के आरोपी युवक ने मुकदमा वापस लेने से इंकार करने पर अपने साथियों संग पीड़ित परिवार पर हमला कर दिया। हमले में लड़की का भाई व भाभी घायल हो गए। जानकारी देने पर भी पुलिस गांव नहीं पहुंची। अब इस परिवार ने कार्रवाई न होने पर गांव छोड़ने की चेतावनी दी है।
विगत 18 दिसंबर को थाना सहसवान के एक गांव में दबंग युवक ने एक दलित लड़की को अश्लील हरकत की। उसको पकड़ लिया था। घटना की रिपोर्ट लड़की की मां ने गांव के सौरभ पुत्र धीरेंद्र यादव के खिलाफ दर्ज कराई थी। पुलिस की लापरवाही का आलम यह रहा मुकदमा दर्ज होने के 25 दिन बाद भी पुलिस गांव नहीं पहुंची। आरोपी को भी तलाश नहीं किया। इस पर आरोपी के हौसले इस कदर बढ़ गए कि मंगलवार दोपहर तीन बजे उसने अपने कई साथियों के साथ दलित परिवार पर हमला बोल दिया। मुकदमे में फैसला करने के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर पीड़िता के भाई व भाभी को पीटकर घायल कर दिया। दलित परिवार शाम को कोतवाली पहुंचा। पुलिस को घटना से अवगत कराते हुए तहरीर दी। इसके बाद भी पुलिस गांव नहीं पहुंची।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस हमलावरों से मिली हुई है, जिस कारण उनके खिलाफ कार्यवाही करने से कतरा रही है। दलित परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र आरोपी के खिलाफ कार्यवाही नहीं की गई, तो वह गांव से पलायन करने को विवश होंगे।