ओरछी (बदायूं)। लॉकडाउन में लोगों को घर में रहने की सलाह दी जा रही है। आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानें ही खुल रहीं हैं। लेकिन ऐसे वक्त में भी शराब के सौदागर बाज नहीं आ रहे हैं। गुरुवार रात पुलिस ने इलाके में दो सेल्समैन शराब सप्लाई करते पकड़े। उनके पास से 20 पौआ शराब बरामद हुई है। जिन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया।
फैजगंज बेहटा इंस्पेक्टर चेतराम वर्मा के मुताबिक गुरुवार रात उन्हें सूचना मिली कि ओरछी चौराहे पर सेल्समैन दुकान खोलकर शराब बेच रहे हैं। इस पर उन्होंने पुलिस के साथ चौराहे पर छापा मारा, जहां देशी शराब की दुकान का सेल्समैन सत्यपाल पुत्र सुखलाल और अंग्रेजी शराब का सेल्समैन देशपाल उर्फ बबलू पुत्र बदन सिंह निवासी ग्राम मोहम्मदपुर मई पकड़ा गया। दोनों के पास से 20 पौआ बरामद हुए। उसके बाद दोनों को थाने ले जाया गया। उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम और लॉकडाउन का उल्लंघन में धारा 188, 293 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। शुक्रवार सुबह दोनों का चालान कर दिया गया।