बदायूं। सिस्टम अनदेखी या पुलिस-प्रशासन का लचीलापन। वजह जो भी हो, लेकिन व्यवस्थाएं बिगाड़ने वाले कहीं न कहीं अपना खेल कर ही देते हैं। शहर का व्यस्ततम इलाका गद्दी चौक मिश्रित आबादी होने के कारण संवेदनशील माना जाता है। रात दस बजे के बाद शराब की बिक्री पर प्रतिबंध है, लेकिन गद्दी चौक पर खुली मॉडल शॉप का शटर काटकर खिड़की बना ली गई है। किसी ने इसका वीडियो बनाकर शुक्रवार को वायरल कर दिया। इसका पता लगने पर आबकारी विभाग ने आनन फानन में खिड़की को फिर बंद करा दिया। हालांकि शटर के नीचे से शराब की बिक्री अब भी जारी रही। शटर में गलत तरीके से बनाई गई खिड़की का खुलना सिस्टम पर सवाल खड़े करता है। बता दें कि पहले भी एक बार कोतवाली इंस्पेक्टर ओमकार सिंह और दोबारा में आबकारी विभाग इस खिड़की को बंद करा चुका है। तीसरी बाद खिड़की खुलने पर एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने बेल्डिंग कराकर खिड़की बंद कराई थी। मगर होली नजदीक आते ही खिड़की फिर खुल गई।
बेखौफ दुकानदार या सिस्टम से सांठगांठ
गद्दी चौक स्थित मॉडल शॉप के नजदीक रातभर होमगार्ड व पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है। चीता मोबाइल समेत पुलिस की गाड़ियां इधर से रा भर गुजरती हैं, लेकिन रात 12 बजे तक हो रही शराब की बिक्री किसी को भी दिखाई नहीं देती। इसके अलावा जिस खिड़की को एसएसपी बंद करा चुके हों, उसको दो-दो बार खोलने की हिम्मत पुलिस, प्रशासन और आबकारी महकमे पर सवालिया निशान खड़ा करता है। अब बंद की गई खिड़की भी आखिर कब तक बंद रहती है, यह देखना बाकी है।
नवादा, रेलवे स्टेशन पर भी देर रात तक बिकती है शराब
इस समय सीएए और दिल्ली उपद्रव के बाद पुलिस वैसे ही सतर्कता बरत रही है। उस पर होली का माहौल भी है। होली पर उपद्रवी माहौल खराब कर सकते हैं, यह बात भी किसी से छिपी नहीं है। बावजूद इसके शराबियों को आधी रात तक हंगामा करने का अवसर शराब की दुकानों के संचालक उपलब्ध करा रहे हैं। केवल गद्दी चौक ही नहीं, नवादा, रेलवे स्टेशन, मम्मन चौक आदि की दुकानों पर भी देर रात तक शराब बेची जाती है।
मुझे इसके बारे में जानकारी नहीं थी। जानकारी मिलने पर तुरंत ही खिड़की को बंद करा दिया गया है। अगर फिर भी दुकान से रात में शराब बेचता हुआ कोई मिला तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- सुशील कुमार मिश्रा, जिला आबकारी अधिकारी