वजीरगंज (बदायूं)। शुक्रवार शाम वजीरगंज पुलिस ने मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर चेकिंग के दौरान हरियाणा की शराब से लदी एक डीसीएम पकड़ ली। उसमें बैठे दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एक डीसीएम का चालक बताया जा रहा है। पुलिस दोनों से पूछताछ करने में जुटी है। शराब वारदाना के बीच में छिपाकर लाई जा रही थी।
एसओ प्रदीप यादव शुक्रवार शाम अपनी टीम के साथ मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर वाहन चेकिंग की। तभी बिसौली की ओर से एक डीसीएम आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोक लिया। उसके चालक और हेल्पर पुलिस देखकर घबरा गए। उनको घबराता देखकर पुलिस ने डीसीएम को चेक किया, जिसमें वारदाना भरा था। पुलिस ने जब चेकिंग की तो उसके बीच में शराब की पेटियां भरी हुई थीं। इसके बाद पुलिस डीसीएम को थाने ले गई। डीसीएम में कई पेटी हरियाणा की शराब मिली है। चालक ने अपना नाम कुरबान और हेल्पर ने शहनवाज बताया है। दोनों सहारनपुर के रहने वाले हैं। वह शराब लादकर हरियाणा से लखनऊ जा रहे थे। रास्ते में चेकिंग के दौरान पकड़े गए। इसकी सूचना पर एसपी देहात डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह और सीओ सर्वेंद्र सिंह थाने पहुंच गए। देर रात तक उनकी निगरानी में शराब की पेटियों की गिनती चलती रही।