बदायूं। गुजरात के मोटेरा इलाके में बने स्टेडियम का नाम बदलने से नाराज अखिल भारतीय कुर्मी महासभा के पदाधिकारियों ने बुधवार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीआरओ सीपी सरोज को सौंपा। उन्होंने कहा कि सरदार बल्लभ भाई पटेल का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसके लिए अब आंदोलन शुरू किया जाएगा।
महासभा के जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह पटेल ने कहा कि गुजरात के मोटेरा में स्थित स्टेडियम का नाम लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर था। सन 1994-95 में इसका नाम सरदार पटेल स्टेडियम था। गुजरात की भाजपा सरकार ने इन महापुरुष को अपमानित करते हुए उसका नाम नरेंद्र मोदी स्टेडियम रखा है। ये दुर्भाग्यपूर्ण है और अफसोस की बात है कि इस स्टेडियम का उद्घाटन स्वयं नरेंद्र मोदी ने किया। इससे देशभर के कुर्मी समाज सहित सरदार पटेल के समर्थक आहत हैं।
जिला महासचिव डीवी सिंह पटेल ने कहा कि स्टेडियम का नाम फिर से सरदार पटेल स्टेडियम रखा जाए। जिससे महामानव सरदार पटेल को यथोचित सम्मान प्राप्त हो सके। अगर ऐसा नहीं हुआ तो महासभा उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में भाजपा सरकार का पुरजोर विरोध करेगी। फिर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर महेंद्र सिंह पटेल, प्रदीप कुमार सिंह, आशीष कुमार, रवीश कुमार, प्रेमपाल सिंह, रघुवीर सिंह, मनोज राठौर, सतीश चंद्र सिंह, भारत सिंह, जोगिंदर सिंह राठौर, शिवेंद्र पटेल, अक्षय कुमार, रजनीश पटेल, राजपाल सिंह, हरिकिशन, मुकेश सिंह पटेल, राहुल आदि मौजूद रहे।