उझानी (बदायूं)। खेत पर गेहूं की फसल की रखवाली करके लौट रहे 19 वर्षीय सत्यवीर पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया। सुअर ने उनका एक पैर नोच डाला। सत्यवीर के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने सुअर को खदेड़ कर उन्हें बचाया। इसके बाद घायल सत्यवीर को सीएचसी ले गए।
उझानी इलाके के गांव अल्लापुर भोगी में रहने वाले सत्यवीर शनिवार को गेहूं की फसल की रखवाली करने खेत पर गए थे। शाम को लौटते समय रास्ते में एक खेत की मेड़ पर बैठ गए। तभी पीछे से जंगली सुअर ने टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया। सत्यवीर उठ पाते, इससे पहले ही सुअर ने उनके पैर में काट लिया। सत्यवीर का पैर लहूलुहान हो गया।
सत्यवीर के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से सुअर काे खदेड़ा। पिता हीरालाल घायल सत्यवीर को लेकर अस्पताल पहुंचे। चिकित्साधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि सत्यवीर के पैर में गहरा जख्म था। उसके आठ टांके आए हैं।
कटरी में हमलावर हो जाते हैं जंगली सुअर
- किसानों पर जंगली सुअर के हमले की तीन-चार घटनाएं कटरी क्षेत्र में सामने आ चुकी है। दो महीने पहले अमीरगंज निवासी नन्हे पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया था। शोर मचाने पर खेत पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाया था। पिछले साल ननाखेड़ा निवासी शमी अहमद को जंगली सुअर ने हमला कर घायल कर दिया था। बताते हैं कि गंगा किनारे की कटरी में जंगली सुअरों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है।