सिलहरी। थाना सिविल लाइंस के भरकुइयां गांव में रविवार रात करीब आठ सिंचाई कर रहे ग्रामीणों को एक जंगली जानवर देखा, जिसे वह चीता समझकर दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को सूचना दी है। लेकिन देर रात तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी है।
गांव निवासी रविशंकर के ट्यूबवेल से अमित श्रीवास्तव खेत की सिंचाई कर रहे थे। इसी बीच उन्होंने एक जंगली जानवर देखा। उन्होंने शोर मचाकर अन्य ग्रामीणों को बुला लिया। मौके पर ग्रामीण पहुंच गए। उन्होंने पटाखे फोड़कर और शोर मचाकर जानवर को भगाने का प्रयास किया। इसके बाद वह जंगल की ओर भाग गया। इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने जानवर को चीता होने का दावा करते हुए वन विभाग की टीम को सूचना दी है। ग्रामीणों ने गांव में वन विभाग और पुलिस की टीमों को तैनात करने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। संवाद