बदायूं। सदर कोतवाली क्षेत्र में सराफा व्यापारी की पत्नी उन्हें कमरे में बंद कर अपने भाई के साथ मायके चली गई। व्यापारी ने घर के अंदर ही फेसबुक पर दर्द बयां करते हुए खुद की जान को खतरा बताया। पोस्ट में उसने स्पष्ट रूप से अपने ससुरालीजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
आर्य समाज रोड के रहने वाले सराफा कारोबारी सचिन सूर्यवंशी ने शनिवार की रात करीब 11 बजे अपनी फेसबुक आईडी पर अपलोड की गई पोस्ट में लिखा है कि उनकी शादी शहर के मुहल्ला चाहमीर की रहने वाली युवती के साथ तीन अगस्त वर्ष 2022 को हुई थी। शादी के बाद से उनकी पत्नी और वह दोनों हंसी-खुशी जीवन यापन कर रहे थे। उनका आरोप है कि कुछ दिनों ने उनकी पत्नी उनके ससुरालीजनों के बहकावे में आकर उनके साथ सही व्यवहार नहीं कर रही है।
शनिवार की रात वह अपने लिए घर में खाना बना रहे थे तो उनकी पत्नी उनको कमरे में बंद कर अपने भाई के साथ मायके चली गई। अब ससुरालीजन उनको झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने लिखा है कि अगर उनके साथ कुछ अनहोनी होती है तो इसके जिम्मेदार उनके ससुरालीजन होंगे। इस संबंध में उन्होंने कोतवाली में भी तहरीर दी है। सदर कोतवाल राजीव तोमर का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। दोनों पक्षों को बुलाया गया है। उनकी बात सुनने के बाद ही पुलिस किसी नतीजे पर पहुंचेगी।