निस्तारण तो दूर, इन पांच नगर पंचायतों में आईडी खोलकर भी नहीं देखी
समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के पोर्टल पर शिकायतों का निस्तारण जिस गति से होना चाहिए, नहीं हो पा रहा है। इसके लिए कारण बनी हैं जिले की पांच नगर पंचायतें। इन नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को डीएम ने नोटिस जारी कर चेतावनी दी है। कहा गया है कि उनकी वजह से शिकायत निस्तारण में जो कमी आनी चाहिए नहीं आ रही है। अगर नोटिस के बाद भी इन नगर पंचायतों में आईजीआरसी पर ध्यान नहीं दिया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।
डीएम सीपी त्रिपाठी ने जिले की कुंवरगांव, रुदायन, वजीरगंज, अलापुर और उसहैत नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को भेजे गए नोटिस में चेताया गया है कि उन्होंने ऑन लाइन शिकायत की प्रणाली आईजीआरएस के तहत शिकायतों के निस्तारण में सहयोग तो दूर उन्होंने आईडी तक नहीं खोलकर देखी है। डीएम ने कहा है कि यह स्थिति बर्दास्त के काबिल नहीं है। अगर, इस प्रक्रिया में जल्दी की कोई कदम नहीं उठाया गया तो ईओ के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इन पांचों नगर पंचायतों की उपेक्षापूर्ण नीति के कारण इस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षित प्रगति नहीं हो पा रही है।