नामांकन करने वाले के साथ जा सकेंगे सिर्फ पांच लोग
विधानसभा चुनाव की तैयारियों को अमलीजामा पहनाया जाने लगा है। जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल करते समय वीडियोग्राफी कराने के निर्देश भी दिए हैं। नामांकन करने के लिए सिर्फ पांच लोग ही जा सकेंगे। नामांकन पत्र चार सेट में देना होगा।
डीईओ ने कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर विधानसभा चुनाव की अधिसूचना 20 जनवरी को जारी करेंगे और इसी दिन सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन कक्ष में केवल पांच व्यक्ति ही प्रवेश कर सकेंगे। नामांकन पत्र लेने की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि बैरीकेडिंग का कार्य सोमवार से शुरू करा दिया जाए। कहा कि प्रत्याशियों तथा उनके समर्थकों के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था इस्लामियां इंटर कालेज में कराई जाए। कलेक्ट्रेट परिसर में कोई वाहन प्रवेश नहीं कर सकेगा। प्रत्याशी को चार सेट में नामांकन पत्र दाखिल करना होगा। कलक्ट्रेट के आसपास पुलिस बल लगाया जाएगा और अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। सहसवान, शेखूपुर एवं दातागंज विधानसभा के प्रत्याशी कलेक्ट्रेट परिसर के पूर्व दिशा वाले गेट और बिसौली, बिल्सी एवं बदायूं विधानसभा के प्रत्याशी कलक्ट्रेट परिसर के पश्चिम दिशा वाले गेट से प्रवेश कर सकेंगे। साथ ही सरकारी तंत्र से नो-ड्यूज का शपथ पत्र भी देना होगा। इस दौरान सीडीओ अच्छे लाल सिंह यादव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी हवलदार यादव, एडीएम प्रशासन अजय श्रीवास्तव, डीआरओ रणविजय सिंह के साथ रिटर्निंग ऑफिसर मौजूद रहे।
इन कार्यालयों पर होगा नामांकन
विधानसभा चुनाव में बिसौली के नामांकन पत्र एडीएम वित्त एवं राजस्व न्यायालय, सहसवान के सूचना भवन, बिल्सी के एडीएम प्रशासन न्यायालय, बदायूं के डीएम कोर्ट, शेखूपुर के उप संचालक चकबंदी न्यायालय एवं दातागंज के विधानसभा क्षेत्र के चकबंदी अधिकारी सदर के न्यायालय में नामांकन पत्र प्राप्त किए जाएंगे।