मिट्टी की ढांग गिरने से घायल किशोरी। संवाद
सहसवान। कोतवाली क्षेत्र में मिट्टी खोदते समय दो बहनों समेत तीन किशोरियों पर मिट्टी की ढांग गिर गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला। इनमें एक किशोरी की हालत गंभीर है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव जरीफपुर गढि़या निवासी रतनपाल की बेटी श्यामवती और मंजू गांव के ही मंगली की बेटी तुलसी के साथ शुक्रवार दोपहर गांव के एक तालाब से घर की लिपाई के लिए मिट्टी खोदने गई थी। अच्छी मिट्टी की तलाश में तीनों किशोरियां ढांग के नीचे मिट्टी खोदने लगीं। इसी बीच उनके ऊपर ढांग गिर गई और तीनों दब गईं। पास में खड़े ग्रामीण ने जब किशोरियों के ऊपर ढांग गिरते देखी तो उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को भी बुला लिया।
कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में तीनों को सहसवान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां श्यामवती की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाकी दोनों किशोरियों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।