संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। डेंगू और मलेरिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) से लेकर जिला अस्पताल तक रोजाना नए मरीज पहुंच रहे हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है और मरीजों को बेहतर इलाज देने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
सीएचसी और जिला अस्पतालों में अलग से मलेरिया वार्ड बनाए गए हैं। इन वार्डों में मच्छरदानी लगाई गई है, ताकि मरीज सुरक्षित रह सकें और संक्रमण का खतरा कम हो सके। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है। वहीं विभाग की ओर से गांव-गांव जाकर लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और जिन क्षेत्रों में पानी जमा पाया गया है, वहां नियमित रूप से दवा का छिड़काव किया जा रहा है।
मलेरिया की 28 जांच, सभी निगेटिवः उसावां। सीएचसी पर 349 मरीजों में से बुखार के 28 मरीजों की मलेरिया जांच को स्लाइड बनाई गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। 148 मरीज खुजली, 53 मरीज लूजमोशन और बाकी बुखार, पेट दर्द, सिर दर्द आदि के थे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल सिद्धार्थ ने बताया कि चार बेड का डेंगू वार्ड बना है। मच्छरदानी लगी है, दवाइयां भी मौजूद है। इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध हैं। संवाद
उसावां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बना मलेरिया वार्ड। संवाद- फोटो : samvad