महिला अस्पताल में वेंटिलेटर की सुविधा न होने से आ रही दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। महिला अस्पताल में वेंटिलेटर की सुविधा न होना अक्सर प्रसूताओं की मौत का कारण बनता है। सोमवार को भी सामान्य डिलीवरी से बच्चे को जन्म देने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने पर प्रसूता को वेंटिलेटर न होने के कारण मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
महिला अस्पताल में तैनात चिकित्सक सामान्य डिलीवरी वाले केस में भी सीजर प्रसव कराने का काम कर रहीं हैं। जब अधिक रक्तस्राव हो जाता है तो ऐसे में वेंटिलेटर की आवश्यकता होती है। वेंटिलेटर के अभाव में प्रसूताओं को रेफर कर दिया जाता है। सही समय पर वेंटिलेटर तक मरीज पहुंच जाता है तो ठीक, नहीं तो उसकी मौत हो जाती है।
सोमवार को भी ऐसा ही एक मामला सामने आया। महिला अस्पताल में भर्ती दातागंज के गांव कमां निवासी रेनू की चिकित्सकों ने डिलीवरी करवाई। कुछ समय बाद अधिक रक्तस्राव होने के कारण महिला की स्थिति नाजुक हो गई। इसके बाद डॉ. आकांक्षा यादव ने देखा तो महिला को वेंटिलेटर की जरूरत देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिवार वालों ने ले जाने में देर कर दी और रेनू की मौत हो गई।
सीएमएस डॉ. इंदुकांत वर्मा का कहना है कि उन्होंने वेंटिलेटर के लिए पत्राचार किया है। जल्द ही सुविधा मिलने की संभावना है।