बरेली रोड पर एक मैरिज लॉन में नए साल के कार्यक्रम के दौरान जश्न मनाती युवतियां। संवाद
बदायूं। नववर्ष 2025 का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया गया। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर रात में जगह-जगह लोगों ने सामूहिक आयोजन के अलावा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम किए। केक काटकर खुशी मनाई गई। रात में जैसे ही 12 बजे तो आतिशबाजी भी की गई। शहर के विभिन्न होटलों में बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार व मित्रों के साथ नववर्ष का आनंद लेने के लिए पहुंचे। देर रात तक जश्न का दौर चलता रहा। युवा बेहद ही खुश नजर आ रहे थे।
31 दिसंबर की शाम से ही शहर के अलावा पूरे जिले में कार्यक्रम शुरू हो गए। लोग अलग-अलग अंदाज में नया साल का जश्न मना रहे थे। कुछ स्थानों पर सामूहिक कार्यक्रम रखे गए तो कुछ लोग अपने परिवार के साथ घरों में नए साल का जश्न मनाते हुए नजर आए। कुछ स्थानों पर डीजे पर युवा नृत्य करते हुए नजर आए। साथ ही शहर के होटलों में अलग ही धूम देखने को मिली। होटल स्वामियों को अंदाजा था कि नए साल पर लोगों की भीड़ अधिक रहने वाली है। ऐसे में पहले से तैयारी शुरू कर दी थी। शाम होते ही लोग भी होटलों में पहुंचने शुरू हो गए। देर रात तक लोग होटलों में मौजूद रहे। वहीं, नए साल पर पुलिस की सबसे अधिक नजर होटलों पर रही। भीड़ भाड़ वाले इलाके में पहुंचकर पुलिस ने सबसे पहले पैदल मार्च किया तो उसके बाद संदिग्धों की तलाशी ली। देररात पुलिस और अधिकारी सड़कों पर नजर आए।
बरेली रोड पर एक मैरिज लॉन में नए साल के कार्यक्रम के दौरान जश्न मनाती युवतियां। संवाद
बरेली रोड पर एक मैरिज लॉन में नए साल के कार्यक्रम के दौरान जश्न मनाती युवतियां। संवाद