मेड़ के विवाद में वृद्घ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे उसहैत थाने के गांव असमया रफतपुर में हुई। मृतक राधेश्याम के भाई ने पांच लोगों को नामजद कराते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
उसहैत थाने के गांव असमया रफतपुर में राधेश्याम और समरपाल पक्ष के बीच खेत की मेड़ को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह गांव के सर्वेश और एसएन सिंह के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। राधेश्याम (65) पुत्र गुलजारी लाल और समरपाल पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए। यहां इन दोनों में कहासुनी हो गई। इसी दौरान समरपाल का भतीजा सतीश देशी रायफल निकाल लाया। उसने राधेश्याम पर फायर कर दिया। गोली राधेश्याम के सिर में लगी। वह खून में लथपथ होकर गिर गए। परिवार वाले उनको अस्पताल ला रहे थे, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
राधेश्याम के भाई रामदास की ओर से धीरपाल, सत्यदेव, समरपाल और सतीश को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार के सुपुर्द कर दिया। अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।