बदायूं। कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार के बीच पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार साप्ताहिक कर्फ्यू का सख्ती से पालन नहीं हो रहा है। पिछले साल लगातार तीन महीने के लॉकडाउन का सामना पड़ा था। कोरोना की दूसरी लहर पर काबू के लिए सरकार ने सप्ताह में तीन दिन शनिवार, रविवार और सोमवार को साप्ताहिक कर्फ्यू लगाया है। शनिवार को बाजारों में तो दुकानें नहीं खुलीं, लेकिन गली-मोहल्लों में सब कुछ सामान्य रहा। सड़कों पर बेवजह लोग भी घूमते रहे।
कोरोना की बढ़ती रफ्तार के कारण सरकार ने रात्रि कर्फ्यू के साथ सप्ताह में तीन दिन शनिवार, रविवार और सोमवार को कर्फ्यू का एलान किया है। कर्फ्यू में जरूरी सेवाओं को छूट दी गई है। मेडिकल स्टोर खुलने पर भी पाबंदी नहीं है। शनिवार को साप्ताहिक कर्फ्यू के पहले दिन खास असर नहीं दिखा। पुलिस फोर्स के पंचायत चुनाव की मतगणना में जाने के कारण ज्यादा सख्ती भी नहीं हुई। दिन के समय ज्यादातर लोग बेवजह सड़कों पर घूमते नजर आए। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण पुलिस-प्रशासन की ओर से लगातार अपील की जा रही है कि बेवजह घरों से बाहर ना आएं। मास्क का उपयोग करें और सामाजिक दूरी का पालन करें।
नगर पालिका की ओर से भी पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए जागरूक कराया जा रहा है। इसके बावजूद शहर में लोग कोरोना की स्थिति को लेकर ज्यादा गंभीर नहीं हो रहे हैं। जिले में अब कोरोना संक्रमण के नए मामले सैकड़ों में हो गए हैं। एक दिन में नए मामलों की संख्या छह सौ तक जा चुकी है।
कर्फ्यू का पालन नहीं, बाजारों में दुकानें भी खुली रहीं
जरीफनगर। दहगवां कस्बे में शनिवार को साप्ताहिक कर्फ्यू के पहले दिन ही नियमों की धज्जियां उड़ गईं। यहां गली मोहल्लों में कर्फ्यू का कोई असर नहीं दिखा। बाजारों में भी दुकानें खुली रहीं और लोग खरीदारी करते रहे। अधिकतर लोग बिना मास्क के घरों से बाहर निकले। इसके साथ ही शारीरिक दूरी का भी पालन होता नजर नहीं आया। प्रमुख स्थानों पर पुलिस भी नजर नहीं आई।
कोरोना से मुक्ति के लिए आरोग्य यज्ञ
उघैती। कोरोना महामारी के बीच हर कोई तनाव में है। संक्रमितों के साथ मरने वालों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। लोग अपने-अपने तरीके से महामारी से छूटकारा पाने मे लगे हुए हैं। डॉक्टर, नीम, हकीमों के साथ धार्मिक प्रवृत्ति के लोग भी महामारी से छुटकारा पाने के लिए उपाय कर रहे हैं। उघैती में यथार्थ गीता दिव्य ज्ञान परिवार के मुखिया गायत्री साधक ज्योतिषाचार्य और वास्तुविद पंडित हरीओम गौतम ने महामारी मुक्त आरोग्य यज्ञ शुरू किया है। देवी शक्ति के साथ महादेव की आराधना और महामृत्युंजय महामंत्र के जाप के साथ यज्ञ कर रहे हैं।
गली मोहल्लों में नहीं दिखा कर्फ्यू का असर
बिसौली। साप्ताहिक कर्फ्यू का पहले दिन शनिवार को गली मोहल्लों में कोई असर नहीं दिखा। गली मोहल्लों में दुकानें खुली रहीं। बाजार में भी आधा शटर खोलकर कई व्यापारी सामान बेचते रहे। हालांकि, हाईवे के आस-पास का बाजार और दुकानें बंद रहीं। सीओ विनय सिंह चौहान और इंस्पेक्टर राजीव कुमार शर्मा ने कई स्थानों में भ्रमण कर कर्फ्यू का पालन न करने वाले लोगों को हिदायत दी।
नगर पंचायत ने कराया सैनिटाइजेशन
सैदपुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप के बाद नगर पंचायत की ओर से शनिवार को कई इलाकों में अभियान चलाकर सैनिटाइजेशन कराया गया। चेयरमैन आयशा विकार अहमद खान ने बताया नगर में मुख्य मार्ग मार्केट समेत आधे से ज्यादा वार्डों में सैनिटाइजेशन का काम पूरा किया गया। राजीव कुमार ने नगर में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। लोगों से कोरोना गाइड लाइन का पालन करने का आह्वान किया।