कई दिन धूप खिलने के बाद मंगलवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह धूप खिली, दोपहर में बादल और शाम को रिमझिम बारिश शुरू हो गई, जो देर तक जारी रही। बारिश की वजह से ठंड बढ़ गई। इससे लोग शाम को अपना काम निपटाकर जल्दी घरों में कैद हो गए।
पिछले कई दिनों से दिन में धूप खिल रही थी। हालांकि रात को कोहरा छा जाता था। दिन में धूप रहने से ठंड में खासी कमी आई। बाजारों में भी रौनक बढ़ गई। रोज की तह मंगलवार सुबह भी धूप खिली। मगर दोपहर में 1.30 बजे से मौसम बदलने लगा। दिन में दो बजे से आसमान में बादल छाने लगे। शाम करीब पांच बजे बूंदाबांदी शुरू हुई और कुछ देर बाद बारिश होने लगी, जो देर तक जारी रहा। बारिश और साथ में तेज हवाएं चलने से ठंड अचानक दोबारा बढ़ गई है।
एक बार फिर सर्दी ने उठाया सिर
पिछले दो दिनों से लोगों को यह महसूस हो रहा था कि सर्दी अब कम हो गई है, लेकिन आज फिर सर्दी ने अपनी मौजूदगी दिखाई। एकाएक बढ़ी सर्दी का असर सामान्य दिनचर्या पर पड़ा। शाम को बाजारों में सन्नाटा रहा।
जमकर बिकी चाट पकौड़ी
बारिश होने से जहां एक ओर ठंड ने और तेजी पकड़ ली। वहीं शाम को बाजार में चाट पकौड़ी की दुकानों पर भीड़ लग गई। घरों पर भी लोगों ने बरसात के मौसम का मजा लिया।