सऊदी में बदायूं का कोई भी मुसीबत में नहीं, ककराला और सैदपुर के लोग हैं शामिल
परिवार वालों की हो रही सभी से लगातार बात
सऊदी अरब में यूं तो जिले के तमाम लोग नौकरी या अन्य कोई धंधा करते हैं। रोजगार छिनने के बाद अलग-अलग देशों के करीब आठ हजार लोग वहां फंसे हुए हैं। केंद्र सरकार इनको वापस भारत लाने में जुटी हुई है। अब तक कोई ऐसा मामला सामने नहीं आया है कि बदायूं का भी कोई वहां फंसा हुआ हो।
खुफिया सूत्रों की मानें तो जिले के करीब तीन सौ लोग सऊदी अरब में हैं। इनमें सबसे ज्यादा लोग ककराला और सैदपुर के हैं। सैदपुर के वार्ड नंबर 10 का नौशाद पुत्र अथर अली पांच साल से सऊदी में है। वार्ड नंबर नौ का हबीब खान पुत्र हमीद खान 20 साल से सऊदी में नौकरी कर रहा है। इसी तरह वार्ड एक का मंजर अली पुत्र शाने, वार्ड आठ का हसीन पुत्र वकील अहमद, वार्ड 10 का दाऊद पुत्र असलम खां, साजिद पुत्र वाजिद, वार्ड नौ का तालिब पुत्र ताहिर खां भी कई साल से सऊदी में रह रहे हैं। इनके सभी के परिवार वालों ने बताया कि सभी पूरी तरह से सुरक्षित हैं और अपना काम कर रहे हैं। ककराला कस्बे के साथ शहर के मोहल्ला सोथा, कामग्रान, नई सराय, चौधरी सराय आदि के भी तमाम लोग सऊदी अरब में नौकरी कर रहे हैं। परिवार वालों की उनसे बात हो रही है। सभी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। खुफिया सूत्रों की मानें तो एजेंसियों या विदेश मंत्रालय की ओर से भी अब तक बदायूं के किसी भी व्यक्ति के सऊदी में फंसे होने की कोई सूचना नहीं मिली है।
------
बदायूं के किसी भी व्यक्ति के सउदी में फंसे होने की कोई सूचना नहीं है। विदेश या गृह मंत्रालय ने भी इस संबंध में कोई संपर्क नहीं किया है। खुफिया इकाई इस पर काम कर रही है।-अनिल यादव, प्रभारी एसएसपी