बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव करियामई में शिव क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित डे-नाइट करियामई प्रीमियर लीग (केपीएल) के क्वार्टर फाइनल मुकाबले रोमांचक दौर में पहुंच गए हैं। मंगलवार को खेले गए दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में वजीरगंज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खुशहालपुर को 5 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया
मैच अंपायर अमित पाराशरी ने दोनों टीमों के कप्तानों की मौजूदगी में टॉस कराया। टॉस जीतकर खुशहालपुर के कप्तान अरुण मीणा ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। निर्धारित 16 ओवरों के मुकाबले में खुशहालपुर की पूरी टीम 14 ओवर में 94 रन बनाकर सिमट गई। टीम की ओर से विकास ने 16 रन, विनेश मीणा ने 14 रन तथा शेर सिंह ने 11 रन का योगदान दिया।
वजीरगंज की ओर से शगुन ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में मात्र 11 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट झटके और विपक्षी बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी। इसके अलावा संतोष यादव, अनुज और नसरुद्दीन ने दो-दो विकेट हासिल कर खुशहालपुर की टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।
इसके बाद 95 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वजीरगंज की टीम ने कप्तान शिवांशु मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने 13.5 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। वजीरगंज की ओर से अतुल ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए चार चौकों की मदद से 26 रन बनाए। वहीं मयंक ने 22 रन और कप्तान शिवांशु मिश्रा ने 16 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। खुशहालपुर की ओर से गेंदबाजी में विनेश मीणा ने तीन ओवर में 28 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि अरुण मीणा ने चार ओवर में 25 रन खर्च कर तीन विकेट झटके। मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले शगुन को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्हें नमन मिश्रा और प्रदीप यादव ने संयुक्त रूप से शील्ड देकर सम्मानित किया। इस मौके पर मुन्ना यादव, अमित यादव, अमित पाराशरी, निखिलेश ठाकुर, अमित शर्मा, सौरभ आदि लोगों से सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।