सिलहरी। सालारपुर ब्लॉक के गांव ललेई में करीब एक महीने से जल भराव की स्थिति बनी हुई है। गांव के कई कच्चे मकानों के दरकने का खतरा पैदा हो गया है। गांव में जल निकासी की व्यवस्था न होने से अब हरीनगला और सिलहरी मार्ग पर भी दो फीट तक जल भराव हो गया है। इससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सालारपुर ब्लॉक के गांव ललेई में जल भराव से कई घरों में भी पानी घुसने लगा है। गांव के राजेंद्र सिंह, लोकपाल, जमुना सिंह, दिनेश कुमार, मोहर सिंह, श्याम गुप्ता, गौतम लाला, गंगा सहाय आदि ने बताया कि कई बार ब्लॉक मुख्यालय पर शिकायत किए जाने के बाद भी गांव में पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं हो सकी है। हरीनगला-सिलहरी मार्ग पर दो फीट तक पानी भरने से आवागमन में समस्या हो रही है।