बदायूं। कलक्ट्रेट सभागार में जल निगम (ग्रामीण) की परियोजना को लेकर डीएम और सीडीओ ने बैठक की। इस दौरान पूरी हो चुकी परियोजनाओं और दिसंबर 2025 तक पूरी होने वाली परियोजनाओं की सूची डीएम अवनीश रॉय ने तलब की।
सीडीओ केशव कुमार ने बताया कि योजना अंतर्गत जनपद में 857 ओवरहेड टैंक बनाए जाने हैं तो 1444 राजस्व ग्रामों में पाइप पेयजल योजना के अंतर्गत शुद्ध व साफ जल पहुंचाया जाना है। जलजीवन मिशन की परियोजना लगभग 1860 करोड़ रुपये की हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व निर्मित 29 परियोजनाएं बिजली से चल रही हैं। 828 परियोजनाएं सोलर व जनरेटर से संचालित होंगी।
उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्था पीएनसी इंफ्रा को ऑपरेशन एंड मैनेजमेंट 10 वर्ष तक करना होगा। उन्होंने बताया कि एनएबीएल से एक्रेडिटेड लैब की स्थापना जलजीवन मिशन ग्रामीण के कार्यालय में की गई है। जहां पेयजल की शुद्धता की जांच की जाती है।
वहीं, प्रत्येक ग्राम में पांच महिलाओं को जल की शुद्धता की जांच करने के लिए प्रशिक्षित भी किया गया है। उन्हें जांच करने के लिए एक एफटी किट (फील्ड टेस्ट किट) भी दी गई है।
बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण नरेंद्र वर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी व जल जीवन मिशन संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
समय पर गड्ढों को भरवाएं
डीएम ने बैठक में निर्देश दिए की जो परियोजनाएं दिसंबर 2025 तक पूर्ण होनी है, उसकी भी सूची अलग से उपलब्ध कराएं। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए।