फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: वजीरगंज में कबाड़ हो गए 34 लाख के वाटर कूलर

विज्ञापन
शहर के आंबेडकर पार्क के पास खराब पड़ा वाटर कूलर। संवाद
विज्ञापन
बदायूं/वजीरगंज। वजीरगंज में दो साल पहले 34 लाख रुपये से लगवाए गए वाटर कूलर कबाड़ हो गए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। मंगलवार को जब सार्वजनिक स्थानों पर पानी की व्यवस्था की अमर उजाला की टीम ने पड़ताल की तो लोग पानी के संकट से जूझते मिले।
विज्ञापन

अप्रैल में ही इस बार मई-जून की गर्मी का एहसास हो रहा है। सूरज के तेवर तीखे हैं। दोपहर में घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। अधिकतम तापमान मंगलवार को 39 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। तापमान में इजाफा होने से गला भी सूखने लगा है। सार्वजनिक स्थानों पर दो घूंट पानी मिलना भी मुश्किल हो रहा है। गर्मी से पहले जिले में कहीं भी सार्वजनिक स्थानों पर पानी का इंतजाम नहीं किया गया है।
ज्यादातर जगह लगे वाटर कूलर खराब हैं। हैंडपंपों के हलक भी सूखे पड़े हैं। अधिकारी और जन प्रतिनिधियों की प्राथमिकता में चुनाव है। इस्लामनगर, वजीरगंज और ओरछी में लगे 29 वाटर कूलर में सिर्फ दो ही चल रहे हैं। 27 बंद हैं। इनमें कुछ तो कबाड़ हो गए हैं। मौके पर गंदगी फैली हुई थी। दो हैंडपंप भी खराब मिले।
विज्ञापन

वजीरगंज में लोगों को गर्मी में ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए नगर पंचायत प्रशासन ने सन 2021-22 में 20 वाटर कूलर लगवाए थे। इनकी कीमत 34 लाख रुपये है, लेकिन किसी भी वाटर कूलर का बिजली कनेक्शन नहीं कराया गया है। सभी कटिया डालकर चोरी की बिजली से चलाए जा रहे थे। सही तरीके से बिजली की फिटिंग नहीं कराई गई। रामानंद तिवारी के घर के सामने लगे वाटर कूलर से एक युवक की मौत भी हो चुकी है।
इस घटना के बाद मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने सभी वाटर कूलर के अवैध कनेक्शन कटवा दिए थे। तभी से वाटर कूलर बंद पड़े हैं। देखरेख न होने से अधिकतर वाटर कूलर कबाड़ हो चुके हैं। उनका आधा समान गायब हो गया है। नगर पंचायत के ईओ अखिलेश दीक्षित का कहना है कि वाटर कूलर चालू करने के लिए ऊर्जा निगम से कनेक्शन के लिए कहा गया था, लेकिन ऊर्जा निगम प्रत्येक वाटर कूलर के लिए अलग कनेक्शन देने पर अड़ा है, जबकि नगर पंचायत प्रशासन सभी के लिए एक कनेक्शन देने की बात कह रहा है, इसलिए वाटर कूलर चालू नहीं हो पा रहे हैं।






इस्लामनगर में तीन साल से खराब हैं वाटर कूलर

इस्लामनगर में आधा दर्जन वाटर कूलर खराब पड़े हैं। साल 2021 से पहले नगर पंचायत के तत्कालीन चेयरमैन वीरेंद्र कुमार ने वाटर कूलर लगवाए थे। ये कुछ ही दिन चले। नगर पंचायत प्रशासन के ध्यान न दोने से अब लोग पानी के लिए तरस रहे हैं।



ओरछी में भी पानी को तरस रहे राहगीर
ओरछी गांव में जिला पंचायत सदस्य, अध्यक्ष, विधायक और सांसद की निधि से पांच वाटर कूलर अलग-अलग समय में लगाए गए थे। इनमें से तीन खराब हैं। जब शनिवार को हालत का जायजा लिया तो यह हकीकत सामने आई। क्षेत्र के जिम्मेदार भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्राम प्रधान भी बेखबर हैं।

वाटर कूलर सही होने की स्थिति में हैं, उन्हें सही कराया जाएगा। जो बदले जाने हैं उनका आचार संहिता हटने के बाद विधिवत टेंडर निकलेगा। बिजली विभाग से बात चल रही है अगर सभी वाटर कूलर एक कनेक्शन से चलने का नियम होगा तो एक कनेक्शन लिया जाएगा। अगर नहीं तो सभी के नियमानुसार अलग अलग कनेक्शन कराए जाएंगे। - अखिलेश दीक्षित, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत, वजीरगंज

शहर के आंबेडकर पार्क के पास खराब पड़ा वाटर कूलर। संवाद

शहर के आंबेडकर पार्क के पास खराब पड़ा वाटर कूलर। संवाद

शहर के आंबेडकर पार्क के पास खराब पड़ा वाटर कूलर। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें