बदायूं। सोमवार रात शहर में जहर खाने से मरे सफाई कर्मचारी की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी ने दो होमगार्डों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उसका कहना है कि सफाई कर्मचारी ने कॉल करके दोनों होमगार्डों के नाम बताए थे।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में डीएम आवास के पीछे रहने वाले नंदकिशोर (40) की सोमवार रात जहर खाने से मौत हो गई थी। नंदकिशोर सफाई कर्मचारी के पद पर कादरचौक ब्लॉक में तैनात थे। वह इस समय सीडीओ की गाड़ी चला रहे थे। उनकी पत्नी रूपा देवी का कहना है कि सोमवार शाम करीब 7:30 बजे नेकपुर निवासी होमगार्ड प्रभात कुमार और पड़ौआ निवासी नेम सिंह ने उसके पति को विषाक्त पदार्थ खिला दिया।
इसके बाद नंदकिशोर ने उन्हें कॉल करके बताया। वह उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गईं, जहां से उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। रूपा देवी का कहना है कि नंदकिशोर ने मरने से पहले अपने बयान की वीडियो रिकार्डिंग की है, जिसमें उन्होंने दोनों आरोपियों के नाम बताए हैं। हालांकि उन्होंने जहर क्यों दिया, अभी इसके बारे में परिवार वालों ने जानकारी नहीं दी है। रूपा देवी ने दोनों होमगार्डों के खिलाफ हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस ने देर रात ही सफाई कर्मचारी के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई ने बताया कि सफाई कर्मचारी ने घर पर जहर खाया था। हालांकि उन्होंने दर्ज कराई गई एफआईआर में घटनास्थल का जिक्र नहीं किया है। अभी कारण भी स्पष्ट नहीं हुआ है। इसकी विवेचना कराई जाएगी। उसके आधार पर ही इसमें कार्रवाई की जाएगी।