फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: न्यायालय परिसर के गार्ड रूम में चौकीदार की संदिग्ध हालात में मौत

विज्ञापन
पोस्टमार्टम हाउस पर रोते हुए सुधीर के माता- पिता भाई। संवाद
विज्ञापन
बदायूं। जिला न्यायालय परिसर में सोमवार शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब गार्ड रूम के भीतर चौकीदार सुधीर कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और चौकीदार को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अंकिता शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या से जोड़कर देख रही है।
विज्ञापन

घटना सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित जिला न्यायालय परिसर की है। यहां चौकीदार के पद पर तैनात बरेली जिले के थाना सुभाषनगर क्षेत्र की बीडीए कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय सुधीर कुमार पुत्र महेंद्र पाल सोमवार शाम गार्ड रूम में मृत अवस्था में मिले। बताया जाता है कि देर शाम तक जब वह बाहर नहीं निकले तो वहां मौजूद कर्मचारियों को शक हुआ। कर्मचारियों ने गार्ड रूम में जाकर देखा तो सुधीर अचेत अवस्था में पड़े थे। इसके बाद तत्काल पुलिस और अधिकारियों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सिविल लाइंस पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में सुधीर को जिला अस्पताल लेकर गई, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अंकिता शर्मा भी न्यायालय परिसर पहुंचीं और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
विज्ञापन

उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों से जानकारी लेकर जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं फॉरेंसिक टीम ने गार्ड रूम के भीतर से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और मौके की फोटोग्राफी व अन्य तकनीकी जांच भी की। पुलिस आसपास मौजूद कर्मचारियों और न्यायालय परिसर में तैनात कर्मियों से पूछताछ कर रही है।

एक माह पहले ही बदायूं आए थे सुधीर
जानकारी के मुताबिक, सुधीर कुमार का करीब एक माह पहले ही सहसवान न्यायालय से बदायूं स्थानांतरण हुआ था। इससे पहले वह सहसवान में तैनात थे। वहीं पत्नी के साथ रहते थे। बदायूं आने के बाद वह न्यायालय परिसर में ड्यूटी कर रहे थे। अचानक हुई इस घटना से साथी कर्मचारियों में भी शोक और हैरानी का माहौल है।

वर्ष 2023 में लगी नौकरी, पिछले साल हुई थी शादी
पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंचे परिवार के लोगों ने बताया कि सुधीर कुमार के पिता महेंद्र पाल उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा हैं। वर्तमान में शाहजहांपुर में तैनात हैं। सुधीर अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी नौकरी वर्ष 2023 में लगी थी, जबकि वर्ष 2024 में उनका विवाह हुआ था। परिवार को जैसे ही मौत की सूचना मिली, घर में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हालत में बदायूं पहुंचे और घटना को लेकर गहरा दुख जताया।

न्यायालय परिसर से एक व्यक्ति की मौत की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि अन्य सभी पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। - अभिषेक कुमार सिंह, एसपी सिटी

पोस्टमार्टम हाउस पर रोते हुए सुधीर के माता- पिता भाई। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें