बिल्सी। गांव सिरतौल में आयोजित सिरतौल प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज शनिवार को हुआ। उद्घाटन मैच सिरतौल वारियर्स और सिरतौल रॉयल्स टीम के बीच खेला गया, जिसमें वारियर्स की टीम ने 15 रन से जीत दर्ज की।
मैच में सिरतौल रॉयल्स के कप्तान ताहिर गौरी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी सिरतौल वारियर्स की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 87 रन बनाए। टीम की ओर से भोले दीक्षित ने बल्लेबाजी करते हुए 36 रन बनाए, जबकि शनि उपाध्याय ने 26 रन का योगदान दिया। रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में मनी उपाध्याय और देव ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि ताहिर गौरी को एक सफलता मिली। 88 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिरतौल रॉयल्स की शुरुआत तेज रही। टीम ने बिना विकेट खोए चार ओवर में 44 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद अचानक बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। पूरी टीम 9 ओवर में 72 रन पर सिमट गई। शानदार प्रदर्शन के लिए भोले दीक्षित को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर आयोजन समिति के पवन उपाध्याय, विजेंद्र सिंह, गफ्फार गौरी, अभय कुमार, भुवनेश उपाध्याय, सर्वेश उपाध्याय और गौरव शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।